रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जिले भर में गुम इंसानों की पतासाजी अभियान को तेज कर दिया गया है, जिसका असर अब ज़मीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। गुम नाबालिगों की खोज के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन मुस्कान रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार जारी है। उल्लेखनीय है कि जनवरी माह में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 59 गुम इंसान दर्ज किए गए थे, पुलिस की सतत जांच और प्रयासों से माह जनवरी में 56 को ढूंढ निकालकर परिजनों से मिलाया जा चुका है।
नाबालिगों की बात करें तो जनवरी में 16 नाबालिग गुम दर्ज हुए, 14 गुम इंसान को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद किया है। जांच के दौरान जिन मामलों में नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने की पुष्टि हुई, वहां आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई। बीते दो दिनों में चक्रधरनगर, धरमजयगढ़, पुसौर और कोतरारोड़ पुलिस ने गुम नाबालिगों को उनके परिजनों से मिलाया है। इनमें सबसे उल्लेखनीय मामला कोतरारोड़ का रहा, जहां करीब 8 साल से लापता बालक को पुलिस टीम ने सतारा (महाराष्ट्र) से दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा, जिससे परिवार में फिर से खुशियां लौट आईं।
केस नं0 1
कोतरारोड पुलिस ने 8 साल से लापता बालक को परिजनों से मिलाकर लौटाई खुशियां
थाना कोतरारोड़ के अपराध क्रमांक 18/2018 धारा 363 भादवि के अनुसार गुम इंसान के परिजनों द्वारा 5 अप्रैल 2018 को थाना कोतरारोड में बालक के गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराया गया था, परिजनों ने बताया था कि उनका बड़ा लड़का उम्र 14 साल की दिमागी स्थिति सही नहीं है, घर से पहले भी दो बार बिना बताए चला गया था जिसे खोजबीन कर लाए थे । वही बालक 27 मार्च 2018 को दिशा मैदान जा रहा हूं कहकर घर से निकाला और फिर वापस नहीं आया जिसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अपने रिश्तेदारों में पता किया पता नहीं चला था बालक की कोतरारोड़ पुलिस बालक का काफी पतासाजी की गई बालक का पता नहीं चला था । इसी बीच पुलिस कोतरारोड पुलिस को सतारा बाल कल्याण में गुम बालक के होने का पता चला और पुलिस टीम महाराष्ट्र सतारा से गुम इंसान को वापस लाई और उनके परिजनों से मिलाया, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
केस नं0 2-
चक्रधरनगर पुलिस ने गुम बालिका को कोरबा से की दस्तयाब आरोपी को पाक्सो एक्ट में भेजा जेल
नाबालिक बालिका के परिजन 13 सितंबर को थाना चक्रधरनगर में बालिका के गुम होने के रिपोर्ट दर्ज कराए थे जिस पर अपराध क्रमांक 410/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । गुम बालिका की लगातार पतासाजी की जा रही थी जिसे 01 फरवरी को आरोपी खीरसागर चौहान पिता धाजाराम चौहान उम्र 27 साल निवासी थाना चक्रधरनगर के कब्जे से बरामद किया गया है । आरोपी युवक बालिका को शादी का प्रलोभन देकर भगा ले गया और कोरबा में किराया मकान लेकर रह रहा था । बालिका के कथन और मेडिकल परीक्षण उपरांत प्रकरण में धारा 87, 64(2) एम भारतीय न्याय संहिता 6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है ।
केस नं0 3-
शादी का प्रलोभन देकर भगा ले गया युवक, पहुंचा जेल
थाना धरमजयगढ़ में बीते 14 दिसंबर को नाबालिक बालिका के 11 दिसंबर को बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 383/2025 धारा 137(2) बीएनएस दर्ज कर विवेचना में लिया गया । गुम बालिका की लगातार पतासाजी की जा रही थी जिसे 30 जनवरी को बालिका को संदेह ही रोशन बसोड के पास होने की सूचना पर तत्काल पुलिस छापे मार कार्यवाही कर आरोपित रोशन बसोड़ पिता धनीराम बसोड उम्र 20 साल के कब्जे से बरामद किया गया है बालिका के कथन मेडिकल परीक्षण उपरांत प्रकरण में धारा 64(2) BNS और 4,6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है ।
केस नं0 4
परिजनों से नाराज बालिका घर से बिना बताये गई सहेली के घर, बालिका की सकुशल वापसी
पुसौर पुलिस द्वारा थानाक्षेत्र से गुम हुई नाबालिक बालिका को जिला बिलाईगढ़ सारंगढ़ के सरिया थाना क्षेत्र से बरामद किया है । बालिका 22 जनवरी को घर से स्कूल जाने की बात निकली और वापस नहीं आयी । थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 137(2) बीएनएस का अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया । बालिका के परिजन और सहेलियों से पूछताछ कर जांच को आगे बढ़ाया गया, जांच क्रम में बालिका उसके परिजनों से नाराज होकर उसकी सहेली के घर चली गई थी। पुसौर पुलिस बालिका ने बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है ।









