रायगढ़. जिले में खेत से घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात बोलेरो चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा सख्स गंभीर हो गया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सोनाजोरी निवासी लालचंद नागवंशी और उसके मामा का लड़का राजेश नागवंशी बीती दिन दोपहर खेत की तरफ से वापस अपने घर लौट रहे थे। बाइक सवार दोनों युवक जब नवापारा के पास चिराईखार मेन रोड के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात बोलेरो चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार दोनों युवकों को जोरदार ठोकर मार दी।
इस घटना में लालचंद के सिर चेहरा के अलावा राजेश को भी चोट आने पर उन्हें निजी वाहन की मदद से लैलूंगा अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां प्रारंभिक जांच के दौरान ही लालचंद नागवंशी की मौत हो गई। बहरहाल परिजनों की रिपोर्ट के बाद लैलूंगा पुलिस ने बीती शाम को ही अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की पतासाजी में जुट गई है।









