रायगढ़। रायगढ़ जिले में बीती रात ट्रेलर की चपेट में आकर बाईक सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी पतासाजी में जुट गई है। मामला छाल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार विरेन्द्र सिंह ठाकुर ने छाल थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया है कि बीती रात 10ः30 बजे उसे गांव के रहने वाले रवि ठाकुर ने फोन करके बताया कि एसईसीएल सब एरिया आफिस नवापारा-बांधापाली के बीच सुंदरम सिंह का एक्सीडेंट हुआ है। इस सूचना के बाद जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि सुंदरम सिंह घायल अवस्था में पडा था। जिसके सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगा था। ट्रेलर कंमाक सीजी 04 पीडी 4533 का चालक बाईक सवार सुंदरम सिंह को ठोकर मारने के बाद वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था।
विरेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ सुंदरम सिंह को तत्काल उपचार के लिये एसईसीएल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां मौके पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के दौरान सुंदरम को मृत घोषित कर दिया।
बहरहाल विरेन्द्र सिंह ठाकुर की रिपोर्ट के बाद छाल पुलिस ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए आरोपी चालक की पतासाजी में जुट गई है।











