रायगढ़। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, कांकेर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरबा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़ और सक्ती जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। ऐसे में नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।











