चंद्रपुर। शनिवार शाम करीब 7 बजे चंद्रपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा चंद्रपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम टपरदा निवासी करमाहा निषाद (22 वर्ष), पिता मकरध्वज निषाद, अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से चंद्रपुर से अपने गृह ग्राम टपरदा लौट रहा था। इसी दौरान एचपी पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार से आ रहे फ्लाई ऐश लोड डंपर क्रमांक CG 13 BC 9880 ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कराया है। वहीं मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।












