रायगढ़। संस्कार पब्लिक स्कूल, रायगढ़ में शिक्षकों के लिए “Beyond the Blackboard” विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षण को पारंपरिक कक्षा एवं पाठ्यपुस्तकों की सीमाओं से आगे ले जाकर विद्यार्थियों की वास्तविक आवश्यकताओं, भावनाओं एवं व्यवहार को समझने तथा उनके लिए अधिक सहयोगात्मक और सकारात्मक सीखने का वातावरण तैयार करना था।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन श्री पी. अतित राव, जिला सलाहकार एवं नर्सिंग अधिकारी, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (NHM), रायगढ़ द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि उनकी भावनात्मक एवं मानसिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समझने की आवश्यकता पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
श्री राव ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं एवं भावनाओं को समझने तथा विद्यालय में सुरक्षित, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील वातावरण विकसित करने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
सत्र के समापन अवसर पर विद्यालय के संचालक श्री रामचंद्र शर्मा ने श्री पी. अतित राव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण सत्र शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल को समृद्ध करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह प्रशिक्षण सत्र अत्यंत रोचक, ज्ञानवर्धक एवं विचारोत्तेजक रहा। कार्यक्रम ने शिक्षकों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन की आवश्यकताओं से शिक्षा को जोड़ने तथा विद्यार्थियों के साथ अधिक संवेदनशील एवं सार्थक जुड़ाव स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।











