रायगढ़। संस्कार पब्लिक स्कूल में ग्रैंडपेरेंट्स डे का आयोजन प्रेम, सम्मान एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी का तिलक कर तथा चरण पखारकर सम्मान किया। इसके पश्चात दादा-दादी के लिए पेपर डांस एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर श्री रामचंद्र शर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में परिवार एवं संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों में पारिवारिक मूल्यों एवं बड़ों के सम्मान की भावना विकसित करना आवश्यक है।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रश्मि शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में दादा-दादी एवं नाना-नानी ने बच्चों को आशीर्वाद देकर समारोह को यादगार बना दिया।






