September 18, 2026

ऐप डाउनलोड करें

आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के तहत 40 हजार से अधिक दीपों से जगमगाया रायगढ़ का सिंदूर पार्क, वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा-एक माह तक सेवा और जनकल्याण की गतिविधियों का चलेगा सिलसिला

रायगढ़. जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुआ। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से सजे ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ के आकर्षक स्वरूप ने आम जनों का ध्यान आकृष्ट किया बल्कि सेवा, सहयोग, और सामाजिक दायित्व के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में सहभागिता निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जनता के आभार, शुभकामनाओं और सेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आने वाले एक माह तक जनकल्याण और समाजहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।


वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि देश ने बीते वर्षों में आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, कूटनीतिक और वैश्विक स्तर पर अनेक महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय बस्तर में सड़क और आवागमन तक चुनौतीपूर्ण था, लेकिन निरंतर प्रयासों से परिस्थितियों में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनेक कार्य हैं, जिन्हें कुछ वर्ष पहले असंभव माना जाता था, लेकिन आज वे साकार हुए हैं।
वित्त मंत्री ने सिंदूर पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इसी स्थल से हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लिए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए हैं। उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल नागरिकों, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों तथा प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के माध्यम से जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों सहित आम नागरिकों ने अपने घरों में दीप जलाकर सेवा और सुशासन के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके साथ ही विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया। सिंदूर पार्क में दीपों से तैयार विशेष फॉर्मेशन को आकर्षक रूप देने में सहयोग करने वाले कार्यक्रम के दौरान कलाकार मनोज श्रीवास्तव एवं सुजीत मोदी का शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं, दीप प्रज्वलन में सहयोग करने वाली स्वच्छता दीदियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने आयोजन में सहयोग के लिए नगरवासियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सभी के सहयोग से सिंदूर पार्क में यह भव्य आयोजन संभव हो सका। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगामी एक माह तक जिला, विकासखंड, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री अरूणधर दीवान, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री विकास केडिया, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

Sailaab News
Author: Sailaab News

Owner name : ajay kumar khatri

और पढ़ें
10
Did you like our Portal?

Did you like our Portal?