रायगढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एसपी कार्यालय के सामने एक कारोबारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ग्रुपों में तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने वीडियो को सुरक्षित कर आरोपियों की पहचान करते हुए आठ नामजद व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घटना 20 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे की है। एसपी कार्यालय के सामने स्थित कॉम्प्लेक्स के पास मुख्य सड़क पर कुछ लोगों ने रूपाली गारमेंट्स के संचालक साहिल अंबानी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की। सार्वजनिक सड़क पर हुए इस विवाद के कारण मौके पर लोकशांति भंग होने की स्थिति बनी।
घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुपों और फेसबुक पर प्रसारित होने लगा। पुलिस का कहना है कि वीडियो के प्रसार से घटना को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने की आशंका बनी, जिससे लोकशांति प्रभावित हो सकती थी।
मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो को संग्रहित कर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की। पहचान के बाद बाबू, अनिल डालमिया, विक्की डालमिया, गोल्डी अंबानी, अन्नु डालमिया, हैप्पी डालमिया और विपिन मिश्रा सहित अन्य लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और लोकशांति भंग करने के आरोप में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने मामले को विवेचना में लेते हुए घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


