रायगढ़। रायगढ़-जशपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम उस समय यातायात पूरी तरह थम गया, जब जंगल से निकलकर जंगली हाथियों का एक बड़ा दल सीधे मुख्य सड़क पर आ पहुंचा। जिसके बाद सड़क के दोनों तरफ घंटों तक वाहनों के पहिये थम से गए।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब 4:30 बजे रायगढ़-जशपुर मुख्य मार्ग के सामारुमा जंगल से निकलकर हाथियों का एक बड़ा दल मुख्य सड़क में आ गया। हाथियों के सड़क पर पहुंचते ही दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए और फिर देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक हाथियों का दल काफी देर तक मुख्य मार्ग के आसपास ही मौजूद रहा। इस दौरान वाहन चालकों को सड़क पर आगे बढ़ने से रोक दिया गया, ताकि हाथियों की आवाजाही के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। हाथियों के सड़क से हटने और जंगल की ओर जाने का इंतजार करते हुए यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि सामारुमा गांव के पास पिछले तीन दिनों से लगातार हाथियों के दल का सड़क पार करने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है। हालांकि मंगलवार को स्थिति कुछ अलग रही। पहले जहां हाथी सड़क पार कर जंगल की ओर चले जाते थे, वहीं मंगलवार शाम हाथियों का बड़ा दल काफी देर तक सड़क पर ही मौजूद रहा। हाथियों की मौजूदगी के चलते सड़क पर दोनों तरफ तकरीबन एक घंटे से अधिक समय तक वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।



