रायगढ़। रविवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद से आरोपी चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बंगुरसिया के पास रविवार की सुबह पौने 11 बजे के आसपास भारी वाहन क्रमांक ओडी 16 सी 7859 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में बाईक सवार युवक प्रकाश राठिया 20 साल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई वहीं घटना की जानकारी के बाद दो अन्य घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहां प्रारंभिक जांच के दौरान ही दूसरे युवक उम्र करीब 21, साल वहीं तीसरे युवक ज्ञानचंद मिर्धा 21 साल, गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे जिला अस्पताल से रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक तमनार क्षेत्र के ग्राम महलोई के बताये जा रहे हैं जो आज सुबह किसी काम के सिलसिले में रायगढ़ आ रहे थे इसी बीच यह घटना घटित हो गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।











