वनपरीक्षेत्र घरघोड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम जरकट में वन विभाग की टीम ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने वन क्षेत्र से लगे एक खेत में जंगली सूअर का शिकार कर उसके मांस की कटाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम क्रमशः बुधराम, पिता- मंगलू राम यादव (निवासी: ग्राम जरकट), अमर साय, पिता- रतन सिंह यादव (निवासी: ग्राम जरकट) है। 20 जुलाई को वन अमला क्षेत्र में नियमित वन भ्रमण पर था। इसी दौरान टीम ने आरोपियों को खेत में जंगली सूअर के मांस की कटाई करते हुए देखा। वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 एवं 51 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय घरघोड़ा के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया । पूरी कार्यवाही वनमंडल अधिकारी रायगढ़ श्री अरविंद पी एम के कुशल निर्देशन, उपवनमंडल अधिकारी घरघोड़ा श्री आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री विक्रांत कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस कार्रवाई में पूरे घरघोड़ा परिक्षेत्र स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।











