रायगढ़। जिला रायगढ़ में अभिहित अधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा डेयरी एवं मिठाई दुकानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को राज्य शासन द्वारा जारी उस प्रतिषेध आदेश की जानकारी दी गई, जिसके तहत राज्य में “डेयरी एनालॉग” उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय पर रोक लगाई गई है।
अधिकारियों ने डेयरी संचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे पनीर एनालॉग का विक्रय न करें तथा केवल मानक अनुरूप दुग्ध उत्पादों का ही व्यापार करें। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पनीर के दो, दही का एक तथा यूज्ड कुकिंग ऑयल (यूसीओ) का एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
इसके साथ ही विभाग द्वारा जनजागरूकता अभियान (IEC Activity) के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों में पोस्टर एवं पाम्पलेट चस्पा कर वितरित किए गए तथा खाद्य कारोबारकर्ताओं और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल उपस्थित रहे।











