रायगढ़। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जिले में मिलावटी एवं गुणवत्ताहीन डेयरी उत्पादों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ डेयरी, खरसिया में हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने आकस्मिक निरीक्षण कर पनीर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। इसके साथ ही उपभोक्ताओं एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से डेयरी परिसर में खाद्य सुरक्षा संबंधी जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए।
वहीं रायगढ़ शहर के सत्तीगुड़ी चौक स्थित भगवती डेयरी में भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पनीर एवं दही के कुल दो नमूने लेकर उन्हें विधिवत सीलबंद कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया, जहां उनकी गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप होने की जांच की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डेयरी संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने, गुणवत्ता युक्त कच्चे माल का उपयोग करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री का विक्रय करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की मिलावट, प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता, मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की शिकायत हो तो वे खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन अथवा संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यवाही मे अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य नमूना सहायक सुमन अग्रवाल मौजूद रहे.











