September 19, 2026

ऐप डाउनलोड करें

जमीन विवाद में बुजुर्ग की डंडे से पीटकर हत्या, गणेश पूजा कार्यक्रम से लौटते समय किया हमला

सारंगढ़. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम धौराभांठा में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की डंडे से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान च्यवन लाल चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि च्यवन लाल चौहान स्वास्थ्य विभाग पुसौर में ड्रेसर के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके परिवार का गांव के ही सुबे लाल चौहान से पूर्वजों की जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायत के मुताबिक इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश थी।
18 सितंबर की रात करीब 8ः30 बजे धौराभांठा में गणेश प्रतिमा स्थापना स्थल पर ग्रामीणों द्वारा कीर्तन-भजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। च्यवन लाल चौहान भी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पुस्तक लेने अपने घर के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान कथित रूप से सुबे लाल चौहान ने उन पर डंडे से हमला कर दिया।
हमले में डंडा च्यवन लाल चौहान के चेहरे और सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके सिर से काफी खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा अंचल कुमार चौहान और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकला।
गंभीर रूप से घायल च्यवन लाल चौहान को अंचल कुमार ने अपने रिश्तेदार प्रकाश चौहान और हेमलाल चौहान के साथ निजी वाहन से जिला अस्पताल सारंगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुराने जमीन विवाद के चलते सुबे लाल चौहान ने च्यवन लाल चौहान पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौत हुई। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में संजय उर्फ शिवा चौहान, मृतक की पत्नी प्रभा चौहान सहित अन्य ग्रामीणों के नाम सामने आए हैं।
फिलहाल पुलिस ने घटना के संबंध में शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Sailaab News
Author: Sailaab News

Owner name : ajay kumar khatri

और पढ़ें
10
Did you like our Portal?

Did you like our Portal?