रायगढ़। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक मंच के संयोजक व शहर के प्रसिद्ध युवा समाजसेवी महावीर अग्रवाल ने पिछले दिनों चक्रधर समारोह में प्रस्तुति देने पहुंची बालीवुड की प्रसिद्ध पाश्र्व गायिका पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति व देश के प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य के कवि पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया।
ज्ञात हो कि श्री अग्रवाल पिछले 25 सालों से कवि सम्मेलन सहित विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़े हुए हैं। इस दौरान वे रायगढ़ सहित खरसिया, चंद्रपुर व अन्य स्थानों पर सफल कवि सम्मेलनों का आयोजन कर चुके हैं, जिसमें देशभर के ख्यातिनाम कवियों को आमंत्रित कर उनका कार्यक्रम करवा चुके हैं। इसी तरह बालीवुड कलाकारों व पाश्र्व गायकों के भी रायगढ़ में सफल व ऐतिहासिक कार्यक्रम करा चुके हैं। इनमें प्रसिद्ध बालीवुड एक्टर धर्मेंद्र, जानी लीवर के साथ पाश्र्व गायक व संगीतकार रविंद्र जैन, शब्बीर कुमार, अनुराधा पौडवाल, कविता पौडवाल जैसे कई नामचीन हस्तियां शामिल हैं। साथ ही बालीवुड के सुपर स्टार अमिताभ बच्चन, डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य नामी कलाकारों व कवियों से व्यक्तिगत संबंध हैं और उनके निजी व पारिवारिक कार्यक्रमों में भी शामिल होते आ रहे हैं। इसके साथ ही श्री अग्रवाल की समाजसेवा के कार्यों में भी रत हैं, जिसके कारण वे वर्ष 2011 में राजीव गांधी राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार नई दिल्ली में सम्मानित हो चुके हैं।
पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा व पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति से मुलाकात के दौरान संक्षिप्त चर्चा में पुरानी यादें भी ताजा हुईं और दोनों ने उनकी खूब सराहना करते हुए कला, साहित्य व समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा दी। ज्ञात हो कि पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति बालीवुड की कई हिट हिन्दी फिल्मों में अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा। उनके गाये गीत आज भी लोगों की जुबान पर है। इसी तरह पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा भी अपने हास्य-व्यंग्य रस की कविताओं से देश-विदेश में लोगों को गुदगुदाते रहते हैं।


