रायगढ़. शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश की जा रही थी।
सीएसपी राहुल उईके एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पांच स्थानों पर हुई बाइक चोरी की घटनाओं में एक ही संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। इसी दौरान 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बाइक चोरी के लिए गौशाला के पास देखा गया है। सूचना पर तत्काल कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों को मोबाइल में संदिग्ध की तस्वीर दिखाई, जिसे लोगों ने बाइक से छेड़छाड़ कर भागे युवक के रूप में पहचान लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध की तलाश शुरू की और वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में उसका पीछा करते हुए दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निर्मल धाकड़ पिता उदल सिंह धाकड़, उम्र 28 वर्ष, निवासी सिंकपुर रोड निबुआपारा, मोरारगिर्द, थाना मोरार, जिला ग्वालियर (मध्यप्रदेश बताया।
आरोपी ने बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। रायगढ़ आने के बाद उसके पास पैसे खत्म हो गए, जिसके बाद वह खर्च चलाने के लिए बाइक चोरी करने लगा। आरोपी ऐसे बाइक एवं स्कूटी को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी होती थी। चोरी के बाद वह इन वाहनों से घूमता था और पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 5 दुपहिया वाहन, जिनमें एक स्कूटी शामिल है, कुल कीमत लगभग 2.50 लाख, बरामद कर जब्त किए हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी से थाना कोतवाली के अपराध दर्ज पांच बाइक चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी को कल न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बाइक चोरी करते आरोपी को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ा, चोरी की 5 बाइक बरामद, सिलसिलेवार बाइक चोरी पर अंकुश लगाने कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता




