रायगढ़। जिले में तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। इसी बीच ग्राम परसदा देवलाश मेन रोड पर ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के दोनों पैरों, बाएं हाथ, कूल्हे और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ के आरएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम परसदा डीपापारा निवासी इतवार सारथी रोजी-मजदूरी का काम करते हैं। 9 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने घर पर थे। इसी दौरान गांव के सरपंच खेमराज पटेल ने फोन कर सूचना दी कि उनके छोटे भाई निर्मल सारथी का ग्राम परसदा देवलाश मेन रोड पर एक्सीडेंट हो गया है।
सूचना मिलते ही इतवार सारथी गांव के लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां काफी संख्या में लोग जमा थे। पूछताछ में पता चला कि निर्मल सारथी बाइक क्रमांक CG-13 Y-4056 से रायगढ़ की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खरसिया की ओर से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG-12 BS-1711 के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि निर्मल बाइक समेत सड़क किनारे गिर पड़े। हादसे में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, वहीं बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आरएल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल के भाई इतवार सारथी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है। हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।









