रायगढ़. रायगढ़ जिले में गुरुवार की सुबह डोरी बिनने गए ग्रामीण को एक दंतैल हाथी ने पटककर घायल कर दिया है। हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है। मामला छाल रेंज का है।
मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज के अंतर्गत आने वाले डोंगाभौंना गांव का रहने वाला ग्रामीण बलदेव राठिया 45 साल, रोजाना की भांति आज सुबह अपने साथियों के साथ डोरी बिनने राजा कूप जंगल गया था। बताया जा रहा है कि डोरी और आम बिनने के बाद ग्रामीण एक तालाब में दातून कर रहा था, इसी बीच पीछे की तरफ से एक दंतैल हाथी आया। इस दौरान पास ही मौजूद लोगों ने ग्रामीणों को भगाने के लिए चिल्लाया भी लेकिन बलदेव कम सुनता था इसलिए लोगों की आवाज सुन नहीं पाया जिसके बाद हाथी ने ग्रामीण को उठा कर पटका। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हो हल्ला करके किसी तरह दंतैल हाथी को भगाया। हालांकि इस घटना में ग्रामीण को अंदरूनी चोट आई है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही हाथी मित्र दल की टीम के अलावा वन विभाग की टीम घायल ग्रामीण को पहले छाल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद ग्रामीण को रायगढ़ मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं वन विभाग की टीम तात्कालिक सहायता राशि देते हुए घायल ग्रामीण के परिजनों को घटना की जानकारी से अवगत कराते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
विदित रहे कि गांव में हाथियों की मौजदूगी को देखते हुए हाथी मित्र दल की टीम लगातार प्रभावित गांव में मुनादी कराते हुए गांव के ग्रामीणों को सावधानी बरतने के साथ साथ जंगल नहीं जाने की हिदायत दी जा रही है।











