रायगढ़। शहर के बोईरदार स्थित सेंट जेवियर स्कूल में हाउसों का नाम बदलने के नाम को लेकर अभाविप ने आज स्कूल परिसर के मेन गेट के सामने धरना प्रदर्शन किया और जिला शिक्षा अधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
जिला शिक्षा अधिकारी के नाम पर सौंपे गए ज्ञापन में अभाविप की ओर से आरोप लगाया गया है कि चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोईरदादर में संचालित सेंट जेवियर स्कूल प्रबंधन अपने स्कूल में संचालित हाउसों का नाम विदेशी संस्थानों व नामों पर संचालित हो रहा है। यहां स्कूल प्रबंधन ने हाउसों का नाम लोयला, डी नोबिली, ब्रिटो व केम्पीयन जैसे विदेशी ईसाई मिसनरियों के नाम पर रखे गए हैं। जिससे भारतीय संस्कृति गरिमा को ठेस पहुंच रही है। जिससे यहां पढ़ने वाले छात्रों को व्यक्तित्व निर्माण, राष्ट्रीय भावना व सांस्कृतिक चेतना का विकास अवरूद्ध हो रहा है। उनकी मांग है कि भारत के महापुरूषों के नाम पर हाउसों का संचालन किया जाना चाहिए। जिससे की यहां पढ़ने वाले छात्रों को अपने देश के महान आदर्शो, इतिहास एवं संस्कृति से प्रेरणा मिल सकती है।
अभाविप के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार की दोपहर मेन गेट के सामने धरना प्रदर्शन और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ज्ञापन के माध्यम से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। अभाविप के पदाधिकारियों का कहना है कि अगर इस मामले में कार्रवाई नही होती है तो छात्र संगठन अभाविप बड़ा आंदोलन करने के लिये बाध्य होगी।











