रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे “स्मार्ट मीटर हटाओ” अभियान के तहत शनिवार को वार्ड क्रमांक-1 राजीव नगर (कोतरा रोड) से स्मार्ट मीटर हटवाने संबंधी आवेदन फार्म भरवाने का अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के पहले ही दिन बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने आवेदन भरते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उनके बिजली बिलों में तीन गुना तक अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उपभोक्ताओं का कहना था कि पहले जहां सामान्य मीटर में बिजली बिल नियंत्रित रहता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिना खपत में उल्लेखनीय वृद्धि के भी अत्यधिक बिल आने लगे हैं, जिससे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
अभियान प्रारंभ होने से पूर्व वार्ड क्रमांक-1, राजीव नगर स्थित सांस्कृतिक मंच पर जिला कांग्रेस कमेटी के कांग्रेस जनों ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राष्ट्रसेवा, स्वराज और जनसंघर्ष के आदर्शों को स्मरण किया।
इसके पश्चात “स्मार्ट मीटर हटाओ – प्रदेश बचाओ” के गगनभेदी नारों के साथ जनसंपर्क अभियान प्रारंभ किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से संवाद किया और स्मार्ट मीटर हटवाने संबंधी आवेदन फार्म भरवाए। अभियान के प्रथम चरण में वार्ड क्रमांक-1, वार्ड क्रमांक-2 एवं वार्ड क्रमांक-16 के उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त किए गए।
आवेदन भरते समय बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार को जनता के हित में निर्णय लेना है, तो महतारी वंदन योजना की ₹1,000 की सहायता देने के बजाय पहले की तरह सामान्य बिजली मीटर लगाए जाएं और 400 यूनिट तक बिजली बिल में दी जाने वाली छूट का लाभ पुनः बहाल किया जाए। क्योंकि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली 1000₹ की राशि को स्मार्ट मीटर के जरिए बढ़े हुए बिजली बिलों के रूप में वसूली की जा रही है। कई उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए स्मार्ट मीटर को “बिजली बिल की लूट का मीटर” तक बताया और इसे तत्काल हटाने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि यह अभियान किसी एक वार्ड तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में रायगढ़ शहर के सभी वार्डों एवं जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर आवेदन फार्म भरवाए जाएंगे। इन आवेदनों को शासन एवं विद्युत विभाग के समक्ष प्रस्तुत कर स्मार्ट मीटर हटाकर, सामान्य मीटर पुनः लगाने तथा उपभोक्ताओं को 400 यूनिट तक बिजली बिल में छूट का लाभ देने की मांग की जाएगी। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा यदि जनता की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस का यह अभियान और अधिक व्यापक जनआंदोलन का रूप लेगा।









