रायगढ़। जिले में मिलावटी एवं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाते हुए कई डेयरियों पर कार्रवाई की। इस दौरान सतगुरु डेयरी में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान 7 किलो प्रतिबंधित ऐनालॉग पनीर बरामद किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पनीर का विधिवत नमूना संग्रहित किया तथा शेष 7 किलो ऐनालॉग पनीर का नष्टीकरण कराया। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर सतगुरु डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया। साथ ही संचालक को सुधार सूचना भी जारी की गई है।
निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी सहित कोड़ातराई-पटेलपाली क्षेत्र स्थित सतीश एवं मनोज मशरूम डेयरी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सतीश पटेल के प्रतिष्ठान में ओडिशा से लाया गया करीब 8 किलो एक्सपायरी खोवा पाया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही पूरे खोवे का नष्टीकरण कराते हुए संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रतिबंधित, एक्सपायरी अथवा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों के विक्रय पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल उपस्थित रहे।











