रायगढ़। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 अगस्त 2026 को अभिहित अधिकारी के निर्देशन में रायगढ़ शहर की डेयरी दुकानों, मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं बेकरी प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबार संचालकों को राज्य शासन द्वारा जारी ‘डेयरी एनालॉग’ के निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध संबंधी आदेश की जानकारी दी गई। साथ ही सभी दुकानदारों को पनीर एनालॉग का विक्रय नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गुणवत्ता की जांच के लिए ब्रेड एवं केक के एक-एक वैधानिक नमूने मंगलुडिपलिया स्थित आरजू बेकरी से संग्रहित किए। इन नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधि के तहत खाद्य सुरक्षा एवं उपभोक्ता जागरूकता से जुड़े पोस्टर और पाम्पलेट का वितरण भी किया गया।
इस निरीक्षण दल में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल शामिल रहे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।











