रायगढ़। पवित्र श्रावण मास के सोमवार एवं सोमप्रदोष के दुर्लभ संयोग के अवसर पर 10 अगस्त को भव्य महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में होने वाले इस विशेष अनुष्ठान का आयोजन श्रद्धेय धर्माचार्य श्री सोमेश परसाई जी के सानिध्य में किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी।
आयोजकों के अनुसार श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और साधना के लिए विशेष रूप से फलदायी माना जाता है। वहीं सोमवार के साथ सोमप्रदोष का संयोग होने से इस अवसर का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है। इसी पावन अवसर पर भगवान शिव का महारुद्राभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। जिसमें घर में स्थापित शिव लिंग के सम्मुख पूरे विधि विधान से पूजा में श्रद्धालुओं को रखनी होगी।
पूजा सामग्री थाली-1 में रोली, हल्दी, गुलाल, भस्म, अक्षत, सिंदूर, जनेऊ, चावल, लौंग, इलायची, सुपारी, इत्र तथा अखंड दीपक शामिल हैं। थाली-2 में देसी गाय का दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, पंचामृत, इत्र और गुलाब जल रखने की जानकारी दी गई है। वहीं थाली-3 में फूल, बिल्वपत्र, शमी पत्र, तुलसी पत्र, माला, पान के पत्ते, फल, फलवती, धूप-बत्ती तथा शुद्ध जल की व्यवस्था करने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष दिशा-निर्देश
आयोजन से जुड़े दिशा-निर्देशों के अनुसार श्रद्धालुओं को पूजा स्थल को पवित्र रखते हुए पूजा सामग्री व्यवस्थित तरीके से रखने की अपील की गई है। पूजा के दौरान दिशा और पूजा-विधि से जुड़े निर्देशों का भी पालन करना होगा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को माथे पर भस्म एवं गले में रुद्राक्ष की माला धारण करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पूजा स्थल की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और पूजा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।
घर बैठे भी जुड़ सकेंगे श्रद्धालु
महारुद्राभिषेक का लाइव प्रसारण YouTube @ptsomeshparsai और Facebook के माध्यम से होगा । इसके लिए आयोजकों ने सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की है, जिससे दूर रहने वाले श्रद्धालु भी इस धार्मिक आयोजन से जुड़कर भगवान शिव की आराधना में सहभागी बन सकेंगे। श्रावण मास के सोमवार और सोमप्रदोष के इस विशेष अवसर पर आयोजित होने वाले महारुद्राभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।











