रायगढ़। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 30 अगस्त को बरभांठा चौक के आगे मेन रोड स्थित प्रदीप दुकान के पास हुआ था। महिला को पहले रायगढ़ में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया था। करीब नौ दिन बाद 7 सितंबर की रात उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पड़िगांव नवाडीह निवासी उत्तरा यादव अपने भतीजे शिवानंद यादव के साथ मोटरसाइकिल से भैसगढ़ी से मितानिन बैठक में शामिल होकर वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बरभांठा चौक के आगे प्रदीप दुकान के पास कुंजेमुरा निवासी बिलषन खेस पिता श्याम लाल खेस ने कथित तौर पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल चलाते हुए पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद शिवानंद यादव और उत्तरा यादव सड़क पर गिर गए। हादसे में उत्तरा यादव के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि शिवानंद यादव के पैर और शरीर में चोट लगी। दोनों को तत्काल रायगढ़ में डॉ. रूपेन्द्र पटेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
करीब तीन दिन बाद उत्तरा यादव की हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर स्थित रिम्स मेडिकल कॉलेज इंस्टीट्यूट ऑफ गोढ़ी में रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे उत्तरा यादव ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल से परिजन महिला का शव लेकर ग्राम पड़िगांव नवाडीह स्थित अपने घर पहुंचे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।










