रायगढ़। जिले को नशा और सट्टा मुक्त बनाने की दिशा में रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में “पुलिस जन संवाद” अभियान की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य समाज में बढ़ रही नशाखोरी और सट्टेबाजी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ व्यापक जनजागरण करना है।
इस अभियान के तहत 4 जुलाई शनिवार को नगर निगम ऑडिटोरियम रायगढ़ में शाम 4 बजे से 7 बजे तक विशेष जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, बुद्धिजीवियों, एनजीओ, प्रेस, सामाजिक संगठनों, महिला संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी।
रायगढ़ पुलिस का यह अभियान सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। “संस्कारों से युक्त रायगढ़, नशा और सट्टा मुक्त रायगढ़” की थीम पर आधारित यह पहल युवाओं को सही दिशा देने और समाज को सुरक्षित बनाने की कोशिश है।
जिले में एसएसपी शशिमोहन सिंह द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की शहर और ग्रामीण इलाकों में सराहना हो रही है। सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने इसे समय की जरूरत बताते हुए कहा कि नशा और सट्टा परिवारों और युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस का यह जनसंवाद अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और नशा व सट्टे के खिलाफ मिलकर आवाज उठाएं, ताकि रायगढ़ को एक सुरक्षित, स्वस्थ और संस्कारवान जिला बनाया जा सके।











