रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 21 में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। वार्ड पार्षद अजय शंकर मिश्रा ने वार्डवासियों के साथ मिलकर तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में वार्ड के बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पार्षद अजय शंकर मिश्रा ने वार्डवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। हमें उनके आदर्शों को याद करते हुए देश और समाज की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा।
वार्डवासियों ने भी पार्षद अजय शंकर मिश्रा के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम आपसी भाईचारे, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।











