घरघोड़ा। जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए घर से एक लाख रुपये नकद और चेकबुक लेकर घरघोड़ा पहुंचे मजदूर की रकम घर लौटने के बाद टीन पेटी से चोरी हो गई। पीड़ित ने आशंका जताई है कि अज्ञात चोर ने दिन के समय घर में प्रवेश कर पेटी के पास छिपाकर रखी चाबी से ताला खोला और रकम व चेकबुक लेकर फरार हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम कुंजेमुरा निवासी व्यक्ति रोजी-मजदूरी का काम करता है। वह 19 अगस्त को जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए घर से एक लाख रुपये नगद और चेकबुक लेकर घरघोड़ा गया था। रजिस्ट्री नहीं होने के कारण वह शाम करीब 5 बजे वापस अपने घर लौट आया।
घर पहुंचने के बाद उसने एक पन्नी में एक लाख रुपये और चेकबुक को लपेटकर टीन पेटी के अंदर रख दिया और पेटी में ताला लगा दिया। इसके बाद चाबी को पेटी के बगल में छिपाकर रख दिया। पीड़ित के मुताबिक इसके बाद वह सामान्य रूप से घर में रह रहा था।
24 अगस्त की शाम करीब 6 बजे गांव का मोतीलाल लकड़ा इलाज कराने के लिए 200 रुपये उधार मांगने पहुंचा। तब पीड़ित अपने टीन पेटी में रखे रुपये निकालने गया। पेटी का ताला खोलकर अंदर देखा तो उसके होश उड़ गए। पेटी में रखे एक लाख रुपये और चेकबुक गायब थे।
इसके बाद उसने पत्नी और बेटे से पूछताछ की, लेकिन दोनों ने रुपये निकालने से इनकार कर दिया। घर में काफी खोजबीन करने के बाद भी रकम और चेकबुक का कोई पता नहीं चला। पीड़ित ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में प्रवेश कर पेटी के पास रखी चाबी से ताला खोला और एक लाख रुपये व चेकबुक चोरी कर ली।
पीड़ित के अनुसार परिवार के लोग रात में घर पर ही रहते थे, इसलिए चोरी दिन के समय किए जाने की आशंका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अब पुलिस घर में आने-जाने वाले लोगों और आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर अज्ञात चोर का पता लगाने में जुटी है।









