रायगढ़। रायगढ़ जिले के ग्राम रूडूकेला निवासी 60 वर्षीय रामानंद भगत के मोटरसाइकिल की डिक्की का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने 40 हजार रुपये समेत जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना 24 अगस्त की बताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार रामानंद भगत 24 अगस्त की सुबह ग्राम कोटवार मदन चौहान के साथ अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से लैलूंगा स्थित अपैक्स बैंक पहुंचे थे। बैंक से उन्होंने 49 हजार रुपये निकाले। इसमें से 9 हजार रुपये जेब में रखे, जबकि 40 हजार रुपये मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दिए। डिक्की में रुपये के अलावा अपैक्स बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ग्रामीण बैंक की पासबुक और सोसायटी की पासबुक भी रखी थी।
बैंक से घर लौटते समय वे लैलूंगा के बुधवारी बाजार स्थित आरसीएम दवाई दुकान के पास करीब आधे घंटे तक रुके और दवाई खरीदी। इसके बाद सेठ बंशीधर मार्ग से रूडूकेला की ओर रवाना हुए। रास्ते में बारिश होने के कारण वे ग्राम रूडूकेला के पास खुसरमुड़िया होटल में नाश्ता करने के लिए रुके। नाश्ता करने के बाद जब वे घर पहुंचे और मोटरसाइकिल की डिक्की खोली तो उसका ताला टूटा हुआ मिला।
डिक्की में रखे 40 हजार रुपये और अन्य जरूरी दस्तावेज गायब थे। इसके बाद रामानंद भगत ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा डिक्की का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की आशंका जताते हुए 26 अगस्त को लैलूंगा थाने में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। अब पुलिस बैंक से लेकर बुधवारी बाजार, सेठ बंशीधर मार्ग और रूडूकेला के बीच घटनाक्रम से जुड़े संभावित स्थानों की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।









