रायगढ़। जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध जन्माष्टमी पर्व एवं झुला उत्सव को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए विशेष रूट चार्ट जारी किया है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और शहर के व्यस्त यातायात को ध्यान में रखते हुए 2 सितंबर से 6 सितंबर 2026 तक एकांगी मार्ग व्यवस्था लागू रहेगी।
स्टेशन से चक्रधरनगर जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस के अनुसार रेलवे स्टेशन पाइंट नंबर 06 से चक्रधरनगर की ओर जाने वाले वाहन पाइंट नंबर 08 सुभाष चौक से होते हुए पाइंट नंबर 09 गद्दी चौक की ओर जाने के बजाय डायवर्ट होकर चांदनी चौक या सर्किट हाउस मार्ग से चक्रधरनगर की ओर जा सकेंगे।
वहीं, चक्रधरनगर से रेलवे स्टेशन की ओर आने वाले वाहन शहीद चौक पाइंट नंबर 04 से सारंगढ़ चौक, मालधक्का रोड होते हुए रेलवे स्टेशन पाइंट नंबर 06 तक पहुंच सकेंगे।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—
– मिनी स्टेडियम – चक्रधरनगर की ओर से आने वाले वाहन
– रामलीला मैदान – केवड़ाबाड़ी की ओर से आने वाले वाहन
– नटवर स्कूल – कोतरारोड मार्ग की ओर से आने वाले वाहन
– पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड – सारंगढ़-चंद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन
– गांधी गंज – शहर के आम नागरिकों के वाहनों के लिए
इन स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
जन्माष्टमी पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए चार पहिया, दो पहिया और ऑटो वाहनों के आवागमन पर निम्न प्रमुख स्थानों पर प्रतिबंध रहेगा—
गद्दी चौक, सुभाष चौक, सारंगढ़ चौक, ओवरब्रिज (गोगाराइस मिल), कोष्टापारा तिराहा और सिल्वर पैलेस तिराहा।
यातायात पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
यातायात पुलिस रायगढ़ ने जिले और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले गणमान्य नागरिकों, आमजनों एवं श्रद्धालु भक्तजनों से अपील की है कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का ही उपयोग करें। पुलिस ने नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा प्रतिबंधित मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।










