September 29, 2026

ऐप डाउनलोड करें

जनदर्शन में व्हीलचेयर, आधार कार्ड, सहित विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे आवेदक, कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं

रायगढ़। कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र एवं उचित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्राम लिटाईपाली कुसमुरा निवासी ललित कुमार यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर पैनल लगाया गया है, लेकिन अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। कलेक्टर ने ईई सीएसईबी को प्रकरण में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम एकताल निवासी दिव्यांग करन गुप्ता एवं सुशीला झारा ने व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि दोनों पैर से दिव्यांग होने के कारण उन्हें आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, तहसील तमनार के ग्राम कसडोल निवासी धरम भगत ने अपनी गर्भवती पत्नी लता भगत का आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड नहीं बन पाने के कारण उनकी पत्नी को शासन की मातृत्व संबंधी योजना का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।

जनपद पंचायत खरसिया के ग्राम पंचायत नहरपाली के सरपंच ने गांव में नाली एवं सीसी रोड निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि मोहल्लों एवं मुख्य मार्गों पर पर्याप्त नाली व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है, जिससे सड़कों को नुकसान पहुंचने के साथ ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। तहसील खरसिया के ग्राम औरदा निवासी अंजोर सिंह भारद्वाज ने मनरेगा के तहत किए गए कार्य की मजदूरी का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि नाला समतलीकरण कार्य में 15 दिवस काम करने के बावजूद उन्हें अब तक मजदूरी नहीं मिली है, जबकि उनके साथ कार्य करने वाले अन्य श्रमिकों का भुगतान हो चुका है। कलेक्टर ने संबंधित जनपद सीईओ को प्रकरण में शीघ्र एवं उचित कार्यवाही के निर्देश दिए।

ग्राम नावापारा निवासी दिगम्बर प्रसाद कुम्हार ने शासकीय पुराने एवं जर्जर भवन को ध्वस्त कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि भवन काफी कमजोर हो चुका है और इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्राम धनागर के कृषक डोल नारायण पटेल ने अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त पशु शेड के लिए क्षतिपूर्ति एवं मुआवजा राशि दिलाने की मांग की। इसी तरह तहसील कापू के ग्राम रूवाफूल निवासी नोहर साय ने बी-1 खसरा में अपने एवं पिता के नाम दर्ज प्रविष्टि में हुई त्रुटि को सुधारने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को प्रकरण का परीक्षण कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

Sailaab News
Author: Sailaab News

Owner name : ajay kumar khatri

और पढ़ें
10
Did you like our Portal?

Did you like our Portal?