रायगढ़। जिले के छाल क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घायल पति का इलाज घर पर चल रहा है। घटना के संबंध में घायल के पिता ने 15 अक्टूबर को छाल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छाल निवासी संतोष चौहान 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे अपनी पत्नी संतोषी चौहान के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AZ 4383 से ब्लड टेस्ट कराने छाल अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान छाल हाईस्कूल गेट के पास स्थित पानी टंकी के नजदीक सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
शिकायत के मुताबिक, गांव के ही ट्रैक्टर चालक लखी राठिया ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी। हादसे में संतोष चौहान के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी संतोषी चौहान के सिर और सीने में चोट लगी।
गंभीर हालत में रायपुर रेफर हुई महिला
हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल छाल अस्पताल ले जाया गया। संतोषी चौहान की चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, संतोष चौहान का उपचार घर पर चल रहा है। दुर्घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इलाज में व्यस्त रहने के कारण देरी से रिपोर्ट
घायल के पिता ने बताया कि बेटे और बहू के इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। इसके बाद 15 अक्टूबर को उन्होंने छाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।










