रायगढ। दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे तीन युवकों की स्कूटी को सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के फगुरम चौकी अंतर्गत टिकरापारा, जवाहर चौक निवासी नरेश चौहान का छोटा भाई पियुष चौहान अपने दोस्तों देवेंद्र सहीस और आकाश महंत के साथ 21 अक्टूबर 2026 को स्कूटी क्रमांक CG 13 BD 6091 से खरसिया दशहरा मेला देखने गया था। स्कूटी आकाश महंत चला रहा था।
रात करीब 11 बजे मेला देखकर तीनों युवक वापस फगुरम लौट रहे थे। इसी दौरान छोटे मुड़पार मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG 13 AX 5061 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में एक युवक की मौत, दो घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में पियुष चौहान के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, देवेंद्र सहीस के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं, जबकि स्कूटी चला रहे आकाश महंत की आंख और पैर में चोट लगी है। दोनों घायलों को उपचार के लिए पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
मृतक के बड़े भाई नरेश चौहान की रिपोर्ट पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की जांच कर रही है।










