सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टुण्डरी में अज्ञात चोर ने सिंचाई के लिए नहर में लगाए गए किसान के मोटर पंप को चोरी कर लिया। चोरी गए टोपलेण्ड कंपनी के डेढ़ एचपी के मोटर पंप की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है। घटना के बाद किसान ने बिलाईगढ़ थाने में लिखित आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम टुण्डरी निवासी मनहरण लाल साहू खेती-किसानी का काम करते हैं। खेत का पानी सूख जाने के कारण उन्होंने 13 अक्टूबर 2026 को गांव की बड़ी नहर में टोपलेण्ड कंपनी का डेढ़ एचपी का मोटर पंप लगाकर फसलों की सिंचाई शुरू की थी। इसी दौरान 13 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे कोई अज्ञात व्यक्ति मोटर पंप चोरी कर ले गया।
कृषि विभाग से अनुदान में मिला था पंप
किसान मनहरण लाल साहू ने अपने आवेदन में बताया कि उन्हें कृषि विभाग की ओर से अनुदान के तहत टोपलेण्ड कंपनी के दो मोटर पंप मिले थे। आवेदन के अनुसार, ये पंप करीब 21 दिसंबर 2025 को प्राप्त हुए थे और इनके साथ छह माह की गारंटी थी। इनमें से सिंचाई के लिए नहर में लगाए गए मोटर पंप की चोरी हो गई।
किसान ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद किसान ने थाना बिलाईगढ़ में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। चोरी की इस घटना से किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल चोरी करने वाले व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।










