रायगढ़ । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार को एक ही पाली में सफलतापूर्वक किया गया। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक संचालित हुई। कुल 18,517 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 11,010 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 7,507 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल उपस्थिति लगभग 59.45 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए मंडल द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया था। केंद्रों पर महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा सघन फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) की गई तथा मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया गया। पहचान पत्र की फोटोकॉपी या किसी अन्य माध्यम को मान्य नहीं रखा गया। इसके अलावा पहचान सत्यापन के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक पुरुष और एक महिला वीक्षक की नियुक्ति की गई थी। मंडल के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले, यानी सुबह 9.30 बजे, सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। साथ ही तहसीलदार और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय सात उड़नदस्ता दल गठित किए गए, जिन्होंने सभी केंद्रों का निरीक्षण किया। इन सख्त व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।










