रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार की शाम हाथियों के एक दल को धरमजयगढ़-रायगढ़ मुख्य मार्ग पार करते हुए देखा गया। इस दौरान वन विभाग एवं हाथी मित्र दल की टीम ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही हाथियों से दूरी बनाये रखने की बात कही गई है।
मिली जानकारी के अनुसार इन दिनों धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 137 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं जिसमें 45 नर, 71 मादा के अलावा 21 शावक शामिल है। रविवार की शाम आमगांव बीट क्षेत्र में हाथियों के एक दल को सड़क पार करते देखा गया। बताया जा रहा है कि हाथियों के इस दल में कुल 18 हाथी हैं जिसमें शावक भी हैं। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ काफी देर तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद हो गया। हाथियों के सड़क पार करते ही इस मार्ग में वाहनों का परिचालन शुरू हो सका है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने शेरवन, दरीडीह और ओंगना क्षेत्र के ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील भी की है। साथ ही रात के समय जंगल या सुनसान रास्तों की ओर अकेले न जाएं, हाथियों के करीब जाने या उन्हें छेड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
बीती रात हाथियों के दल ने 10 किसानों की फसलों को नुकसान पहंुचाया है, जिसमें आमगांव में कबीर भगत, मोहरसाय, आनंद राठिया, बेहरामुड़ा में सुदरू, सुलोचना, घनश्याम, खेमसिंह, बोरो रेंज के सिरकी संगरा में अमर साय, बंधनराम, सपुरन मंझवार के अलावा कापू रेंज के बैगापारा में राजकुंवर के मकान को हाथी ने क्षति पहुंचाया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।











