रायगढ़. रायगढ़ जिले में बीती देर रात एसी का कंप्रेशर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं इस घटना में दो बाइक समेत घर का अन्य सामान जलकर खाक हो गया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के अंबेडकर नगर आईटीआई कालोनी में बीती रात 2 बजे के आसपास एक तेज धमाके से पूरे क्षेत्र में अफरा – तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। इस घटना के बाद जब मोहल्लेवासियों ने बाहर निकलकर देखा तो एक घर में आग लगी हुई थी और मकान क्षतिग्रस्त हो गया था। बताया जा रहा कि उक्त मकान में विंडो एसी का लगा हुआ था जो बीती रात 2य30 के आसपास अचानक हुए ब्लास्ट में घर के भीतर रखी एक बाइक, स्कूटी समेत घर का अन्य सामान जलकर खाक हो गया। वहीं इस घटना में दम घुटने से पुरुषोत्तम पटेल 45 साल की मौत हो गई वहीं उसके पुत्र राजबीर पटेल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मोहल्लेवासियों ने बताया उक्त मकान में बीते कई सालों से पिता पुत्र दोनों ही रहते थे। पुरुषोत्तम पटेल इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और बीती रात उसके पुत्र राजबीर पटेल का 19 जन्मदिन था। जन्मदिन मनाकर यह परिवार अपने मकान में सो रहा था, इसी बीच यह घटना हुई है।
पड़ोसी महिला ने बताया कि बीती रात पौने तीन बजे के आसपास कुछ जलने की आवाज आने पर वे लोग बाहर निकले तो देखा कि पड़ोस के घर में आग लगा हुआ था और पुरुषोत्तम पटेल और उसका पुत्र राजबीर पटेल दोनों घर के भीतर थे। जिसके बाद घर का विद्युत लाइन काटते हुए अपने अपने घरों से पानी लाकर आग पर काबू पाया गया और पिता पुत्र दोनों को बाहर निकाला गया। तब तक पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो चुकी थी। बेटे की हालत गंभीर है एक निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधर नगर थाने की पुलिस टीम के अलावा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच के दौरान एसी में तकनीकी खराबी या गैस प्रेशर बढ़ने के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है, फिलहाल जांच जारी है।











