रायगढ़. जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान बुधवार को वार्ड क्रमांक-5 के ढिमरापुर एवं दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र में पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संवाद स्थापित किया और स्मार्ट मीटर हटवाने संबंधी आवेदन फार्म भरवाए। अभियान का शुभारंभ ढिमरापुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप से किया गया।
जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं से उनकी समस्याएं सुनीं और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में आई वृद्धि को लेकर विस्तार से चर्चा की। अनेक परिवारों ने बताया कि पहले की तुलना में अब बिजली बिल कहीं अधिक आ रहे हैं, जिससे घरेलू खर्च का संतुलन बिगड़ गया है। कई उपभोक्ताओं ने कहा कि वे बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर लगातार चिंता और असमंजस की स्थिति में हैं।
अभियान के दौरान लोगों ने बड़ी संख्या में आवेदन फार्म भरकर स्मार्ट मीटर हटाने तथा पूर्व की तरह सामान्य मीटर लगाने की मांग का समर्थन किया। नागरिकों ने अपेक्षा जताई कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शासन को इस विषय में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान आम उपभोक्ताओं की वास्तविक परेशानियों को शासन तक पहुंचाने का माध्यम है। प्रत्येक आवेदन जनता की आवाज है, जिसे बिजली विभाग व शासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी ने बताया कि स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान लगातार प्रत्येक वार्डों में पहुंच रहा है और प्रत्येक क्षेत्र से मिल रहा व्यापक जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि बिजली बिलों का मुद्दा अब आम नागरिकों की बड़ी समस्या बन चुकीत है। कांग्रेस ने भरोसा दिलाया कि जब तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलती, तब तक यह चरणबद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
उक्त ढिमरापुर क्षेत्र पर स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव,पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला,पूर्व विधायक प्रकाश नायक,नेताप्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, संदीप अग्रवाल, विकास ठेठवार, सत्य प्रकाश शर्मा, अनिल अग्रवाल, गुलशन साहू, वैभव चौबे, वसीम खान, अमृत काटजू, सोनू पुरोहित, दयाराम धुर्वे, आरिफ हुसैन, राकेश पांडे, अज्ञात मल्होत्रा ,दादू पटेल, कमर अली, रजत गोयल ,राजू वहीदार, गौरांग अधिकारी ,लता खूंटे, रिंकी पांडे, संगीता गुप्ता, पदमा चौहान, यशोदा कश्यप, रंजना पटेल, संयुक्ता सिंह, दीपक इजारदार,दीपक भट्ट ,अजय भट्ट ,नरेंद्र भट्ट,विनोद दास,प्रदीप विजय चंद्र टोप्पो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।











