रायगढ़। श्री भगवान परशुराम मंदिर परिसर में 9 अगस्त को ब्राह्मण सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने अपने कार्यकाल के पूर्ण होने की घोषणा की। इसके बाद समाज के वरिष्ठजनों एवं उपस्थित सदस्यों की सहमति से समिति के नवीन अध्यक्ष एवं सचिव के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं समाज के वरिष्ठ सदस्य विनोद शर्मा (पूजा ट्रांसपोर्ट) ने नवीन अध्यक्ष पद के लिए अमित शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति प्रदान की। इसके साथ ही आशीष शर्मा को समिति का सचिव बनाए जाने की घोषणा की गई।
यहां यह उल्लेखनीय है कि अमित शर्मा वर्तमान में वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य हैं, जबकि आशीष शर्मा शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। समाज के सदस्यों ने दोनों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में ब्राह्मण सेवा समिति सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
पूर्व अध्यक्ष एवं टीम के कार्यों की सराहना
बैठक में उपस्थित समाज के सभी सदस्यों ने पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा एवं उनकी पूरी टीम द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। सदस्यों ने कहा कि समिति द्वारा समाजहित के साथ-साथ जनहित में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाई गई, जिसके लिए पूर्व कार्यकारिणी का योगदान प्रशंसनीय रहा।
भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
नवनियुक्त अध्यक्ष अमित शर्मा ने श्री भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात अध्यक्ष अमित शर्मा एवं सचिव आशीष शर्मा ने समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे समिति एवं समाज के हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
अमित शर्मा ने कहा कि समाज ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। समाज के सभी वरिष्ठजनों और सदस्यों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
12 महीने जनहित में सक्रिय रहती है समिति
ब्राह्मण सेवा समिति एक पंजीकृत संस्था है, जो वर्षभर सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहती है। समिति द्वारा जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक आयोजनों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में निरंतर सहभागिता निभाई जाती है। इन सभी कार्यों में समाज के सदस्यों का लगातार सहयोग मिलता रहा है।
बैठक के अंत में समाजजनों ने नवनियुक्त अध्यक्ष अमित शर्मा एवं सचिव आशीष शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।











