रायगढ़. रायगढ़ जिले में गुरुवार की शाम हाथियों के एक बड़े दल को तालाब किनारे देखा गया है। हाथियों का यह दल तालाब से नहाकर घरघोड़ा तरफ जाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने हाथियों का वीडियो भी बनाया है, जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल की टीम पूरी तरह अलर्ट होकर हाथियों के दल की निगरानी की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज के बोजिया और एडुकला के बीच स्थित परसदी नाला में गुरूवार की शाम हाथियों के एक बड़े दल को देखा गया। हाथियों के दल को तालाब से नहाकर निकलते हुए वहां के लोगों ने देखा और उसका फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद किया है, जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हाथियों के इस दल में 25 से अधिक हाथी होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि तालाब से निकलकर हाथियों का यह दल घरघोड़ा रेंज की तरफ बढ़ रहा है। इस लिहाज से उस क्षेत्र के लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है।
छाल क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल पूरी तरह अलर्ट हो चुके हैं। हाथियों के दल पर निगरानी रखेने के साथ-साथ प्रभावित गांव में मुनादी कराई जा रही है। इसके अलावा ग्रामीणों को जंगल और हाथियों के संभावित मार्गों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। ताकि किसी प्रकार की अनहोनी घटना न हो।
एक जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धमरजयगढ़ वन मंडल में ही 123 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों के इस दल में 37 नर, 69 मादा के अलावा 17 शावक शामिल है।











