रायगढ़। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय जोबी-बर्रा, जिला रायगढ़ में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें योजना के माध्यम से उपलब्ध रोजगारोन्मुखी अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. ज्ञानमणी एक्का, आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि यह योजना युवाओं को उद्योगों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है, जिससे उनके कौशल का विकास होता है और रोजगार की संभावनाएँ बढ़ती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर पंजीयन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री रविन्द्र कुमार थवाईत ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस योजना से जुड़कर अपने ज्ञान, कौशल एवं कार्यानुभव को समृद्ध करने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा योजना से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कई छात्र-छात्राओं ने मौके पर ही पंजीयन किया तथा अपने घर-परिवार में भी अन्य लोगों को पंजीयन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री सुरेंद्रपाल दर्शन, श्री वासुदेव प्रसाद पटेल, श्री योगेंद्र कुमार राठिया, श्री हितेश घृतलहरे, दीपांजलि चौहान, महेश सिदार तथा महात्मा खांडे की सक्रिय उपस्थिति एवं सहयोग सराहनीय रहा।
अंत में विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का अधिकाधिक लाभ लेकर अपने कौशल एवं व्यक्तित्व विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।











