धरमजयगढ़। मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में तस्करों की चालाकी धरी की धरी रह गई। छाल थाना क्षेत्र के पुरुंगा गांव के पास जंगल में मवेशियों से लदा ट्रक गड्ढे में फंस गया। पुलिस की घेराबंदी होते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से ट्रक और एक पल्सर बाइक जब्त की है।
घटना बीती रात की बताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मवेशियों को एक ट्रक में भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस के साथ छाल डायल-112 की टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तस्करों का पीछा किया तो वे छाल थाना क्षेत्र के पुरुंगा गांव के पास जंगल की ओर वाहन लेकर भागने लगे। इसी दौरान मवेशियों से लदा ट्रक CG 14 D 0739 जंगल में एक गड्ढे में फंस गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही ट्रक में सवार तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे में भाग निकले।
मौके पर पुलिस को पल्सर बाइक क्रमांक CG 13 BE 0803 भी मिली, जिसे तस्कर भागने की जल्दबाजी में छोड़ गए। पुलिस के अनुसार, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक माजदा वाहन और कार के भी मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन वाहनों की तलाश में जुटी है।
धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। अब वाहनों के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर उनके मालिकों तथा तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।
पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करी के नेटवर्क में जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











