रायगढ़। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर रायगढ़ के आदेश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह पदेन उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला रायगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे “बने खाबो, बने रहिबो 2.0” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
अभियान के तहत टीम ने कलकत्ता स्वीट्स का निरीक्षण कर शंका के आधार पर खोवा का नमूना लिया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई को लेकर सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर संचालक को सुधार सूचना जारी की गई।
इसके बाद टीम कातोरे रेस्टोरेंट पहुंची, जहां से कलाकंद का नमूना लिया गया। यहां भी स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने के लिए प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना दी गई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में आशीर्वाद ट्रेडर्स का निरीक्षण किया गया। यहां से पैक्ड कन्फेक्शनरी आइटम नारियल लड्डू का नमूना लिया गया। विभागीय टीम ने संचालक को बिना लेबल वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने तथा ऐसे खाद्य पदार्थों की खरीदी भी नहीं करने के लिए स्पष्ट रूप से निर्देशित किया। साथ ही प्रतिष्ठान में स्वच्छता एवं हाइजीन व्यवस्था बेहतर करने के लिए सुधार सूचना दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पाए जाने अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल एवं नमूना सहायक सुमन अग्रवाल मौजूद रहे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा लेबलिंग एवं अन्य खाद्य सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।











