रायगढ़। रायगढ़ जिले में रविवार के तड़के कच्चा मकान ढह जाने की घटना में एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई वहीं महिला का पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। दोनों को रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पुसौर ब्लाक के अंतर्गत आने वाले ग्राम नंदेली गांव में आज तड़के करीब 3 बजे के आसपास एक कच्चा मकान भराभरा का गिर गया। जिसकी चपेट में आने से रोहणी महंत 40 साल की मौत हो गई। वहीं इस घटना में महिला के पति रतन महंत 42 साल, बेटा शिवम महंत 13 साल को गंभीर चोट आने की स्थिति में रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो दिनों से हुई बारिश के वजह से वजह से संभवतः उक्त मकान गिर गया होगा। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही वे लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। जिसके बाद तीनों को पहले पुसौर अस्पताल ले जाया गया, इस बीच चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
बहरहाल घटना की जानकारी मिलते ही पुसौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात घटना की जानकारी एकत्रित कर घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।



