रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। ग्राम गेरवानी में मिथलेश कॉलोनी के पीछे जंगल के पास रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान चार लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि कुछ जुआरी मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुए के फड़ से कुल 8,150 रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां और एक फटी हुई सफेद प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को पूंजीपथरा थाने की टीम रोड पेट्रोलिंग के लिए तराईमाल और गेरवानी क्षेत्र में निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिथलेश कॉलोनी के पीछे जंगल के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग गए, जबकि कुछ को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुभाष कसेर (27 वर्ष), निवासी उज्ज्वलपुर; कौशल झरिया (29 वर्ष), निवासी गेरवानी; राहुल मेहर उर्फ दीपक मेहर (19 वर्ष), निवासी कुडुमकेला, थाना घरघोड़ा, हाल मुकाम गेरवानी; और बृजेश खुंटे (26 वर्ष), निवासी बलभद्री, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, हाल मुकाम पूंजीपथरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान सुभाष कसेर से 1,950 रुपये, कौशल झरिया से 2,130 रुपये, राहुल मेहर से 1,720 रुपये और बृजेश खुंटे से 2,350 रुपये बरामद किए गए। इस तरह कुल 8,150 रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा ताश की 52 पत्तियां और एक फटी हुई प्लास्टिक की बोरी भी जब्त की गई।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3 और 2 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपियों को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। मामला जमानतीय होने और सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने जब्त सामग्री के साथ थाने लौटकर प्रकरण दर्ज किया और आगे की विवेचना शुरू कर दी है।










