रायगढ़। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और डिजिटल सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान 2026 के अंतर्गत निर्मित लघु फिल्म की सराहना करते हुए सिंधी समाज रायगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।
प्रतिनिधिमंडल ने साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान लघु फिल्म को जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए लोगों का सतर्क एवं जागरूक होना बेहद जरूरी है।
सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि दृश्य माध्यमों के जरिए दी जाने वाली जानकारी आम लोगों तक आसानी से पहुंचती है। ऐसी पहल से नागरिकों को साइबर अपराधों के तरीकों को समझने और उनसे बचाव के उपाय अपनाने में मदद मिल सकती है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में साइबर जागरूकता के लिए की गई इस पहल की सराहना करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने इसे समाजहित में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच जागरूकता एवं सहयोग को भी आवश्यक बताया।
इस अवसर पर सिंधी समाज रायगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी शशि मोहन सिंह को शुभकामनाएं देते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की।










