रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन से उप आयुक्त, सहकारिता ने चार कर्मचारियों को पद से बर्खास्त करने, तीन को निलंबित करने और 12 कर्मचारियों का प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण करने की कार्रवाई की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान उपार्जन के दौरान किसानों से दुर्व्यवहार, अवैध वसूली और काम में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी के दौरान कुछ कर्मचारियों के खिलाफ किसानों को परेशान करने, जबरन वसूली, मनमाने ढंग से टोकन जारी करने, दुर्व्यवहार और बिना सूचना अनुपस्थित रहने जैसी शिकायतें मिली थीं। संबंधित कर्मचारियों को 14 अगस्त 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 3 सितंबर 2026 को स्मरण पत्र भी भेजा गया। जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर इसे पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर चूक मानते हुए कार्रवाई की गई।
विकासखंड लैलूंगा की आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों में कार्यरत चार कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है। इनमें केशला समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर लालकुमार सिदार, लिबरा समिति के लिपिक टिकेश्वर पटेल, कोड़ासिया समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर हेमसागर मालाकार और लारीपानी समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर विष्णु प्रधान शामिल हैं।
इसी तरह लिबरा समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर लुकेश्वर यादव, लैलूंगा समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर अवधेश पैंकरा और लारीपानी समिति के सहायक लिपिक पिताम्बर बैरागी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
प्रशासन ने आगामी धान खरीदी की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 13 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत 12 कर्मचारियों का स्थानांतरण भी किया है। रायगढ़ विकासखंड में उज्ज्वल प्रसाद पटेल को भातपुर से कांटाहरदी, राजेश कुमार पटेल को कांटाहरदी से कछार और कौशल प्रसाद साहू को कछार से भातपुर भेजा गया है।
खरसिया विकासखंड में कैलाश पटेल को चपले से बरगढ़, रामखिलावन राठौर को खरसिया से जैमुरा, मनोज राठौर को हालाहुली से तुरेकेला, संतोष राठौर को हालाहुली से बानीपाथर, संजय पाण्डे को बानीपाथर से हालाहुली, डंकेश्वर डनसेना (मानू) को जैमुरा से हालाहुली, जनक पटेल को बानीपाथर से चपले और गेंदलाल श्रीवास को चपले से बानीपाथर स्थानांतरित किया गया है। लैलूंगा विकासखंड में त्रिलोचन बेहरा को कोड़ासिया से लैलूंगा पदस्थ किया गया है।










