रायगढ़। जिले के गेरवानी स्थित सिंघल स्टील प्लांट यूनिट-2 के भीतर सड़क हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि प्लांट परिसर में ट्रक पीछे करते समय चालक ने लापरवाही बरती, जिससे मजदूर ट्रक की चपेट में आ गया और उसके दाहिने पैर पर पहिया चढ़ गया। घायल को उपचार के लिए रायगढ़ के आरएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के बेटे की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, घायल रामसाय यादव ग्राम ईश्वरपुर, घटगांव, थाना लैलूंगा का निवासी है। वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ ठेकेदार गुलाब सिंह के अधीन सिंघल स्टील प्लांट यूनिट-2 में मजदूरी करता है। परिवार करीब दो वर्षों से प्लांट में काम कर रहा है और वहीं स्थित लेबर कॉलोनी में रहता है। बताया गया कि 15 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे रामसाय यादव तराईमाल स्थित मेडिकल दुकान से दवा लेकर कंपनी परिसर के भीतर लेबर कॉलोनी लौट रहा था। इसी दौरान प्लांट के अंदर ट्रक क्रमांक CG22AH6623 को चालक महेश्वर वर्मा कथित तौर पर लापरवाही से पीछे कर रहा था।
दाहिने पैर पर चढ़ा ट्रक का पहिया
शिकायत के मुताबिक, ट्रक की टक्कर से रामसाय यादव नीचे गिर गया और उसके दाहिने पैर पर कमर तक ट्रक का पहिया चढ़ गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे रायगढ़ के आरएल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर उपचार कराया जा रहा है।
आवेदन में गार्ड सरद और रमेश त्रिपाठी को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। घायल के बेटे अजय यादव ने बताया कि पिता के उपचार और अस्पताल में रहने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सका। इसके बाद 16 अक्टूबर को पूंजीपथरा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक महेश्वर वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है।










