रायगढ़। फ्लाईएश ब्रिक्स प्लांट में काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेन्द्रीमुड़ा निवासी मानकुमार उर्फ रामकुमार डोम (26 वर्ष) जोरापाली स्थित दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स प्लांट में मजदूरी करता था। वह अपनी पत्नी सनमति और पांच छोटे बच्चों के साथ प्लांट परिसर में बने श्रमिक आवास में रह रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे श्रमिक आवास के एक कमरे में मानकुमार का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले मजदूरों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना प्लांट प्रबंधन और पुलिस को दी गई। कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे से शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मृतक की पत्नी सनमति के अनुसार, रविवार को मजदूरी का भुगतान हुआ था। इसी दौरान पति ने उससे पैसे मांगे थे। पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद मानकुमार घर से बाहर चला गया। कुछ समय बाद लौटकर उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों और अन्य मजदूरों को अनहोनी की आशंका हुई। बाद में कमरे के भीतर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा है। पांच छोटे बच्चों और पत्नी का सहारा छिन जाने से श्रमिक बस्ती में भी शोक का माहौल है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।











