रायगढ़. धरमजयगढ़ क्षेत्र के क्रोँधा खड़गांव मार्ग पर स्थित सरिया नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण की दिशा में विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। हालांकि, इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण मंडल), रायगढ़ द्वारा जारी पत्र को लगभग एक माह बीत चुका है, लेकिन इसकी जानकारी अब सामने आई है। 22 जून को अधीक्षण अभियंता, सेतु निर्माण मंडल रायगढ़ द्वारा मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सेतु परिक्षेत्र रायपुर को भेजे गए पत्र में सरिया नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 10 करोड़ 17 लाख 81 हजार रुपये के विस्तृत प्राक्कलन को तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति हेतु प्रेषित किया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार सरिया नाला पर 105 मीटर लंबा उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा, जिसमें 15-15 मीटर के सात स्पान होंगे। पुल की चौड़ाई 8.40 मीटर प्रस्तावित है। इसके साथ दोनों ओर कुल 695 मीटर लंबा पहुंच मार्ग भी बनाया जाएगा, जिसमें खड़गांव की ओर 435 मीटर तथा क्रोँधा की ओर 260 मीटर सड़क शामिल है।
बरसात के दिनों में सरिया नाला उफान पर होने से क्रोँधा, खड़गांव एवं आसपास के ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार छात्र-छात्राओं को कमर तक पानी में नाला पार कर विद्यालय जाना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा और पढ़ाई दोनों प्रभावित होती हैं।
हालांकि क्षेत्र के लोगों के लिए यह कोई नई घोषणा नहीं है। पिछले कई वर्षों से इस पुल के निर्माण को लेकर आश्वासनों का सिलसिला चलता रहा है, लेकिन आज तक पुल धरातल पर नहीं उतर सका। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के स्तर पर समय-समय पर पुल निर्माण के दावे और घोषणाएं हुईं, लेकिन परिणाम शून्य ही रहा।
अब जबकि विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है, क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं। देखना होगा कि इस बार वर्षों पुरानी मांग वास्तव में पूरी होती है या फिर ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं के हिस्से में एक बार फिर केवल आश्वासन ही आता है।











